सोरों(कासगंज)। नगर पालिका की बोर्ड बैठक पालिका अध्यक्ष मुन्नीदेवी की अध्यक्षता में हुई। इसमें नगर विकास के 10 प्रस्तावों पर सभासदों ने सर्वसम्मति प्रदान की।
बोर्ड बैठक में कासगंज गेट पर भव्य वाराह द्वार, लहरा गेट पर भव्य तुलसी द्वार बनाए जाने, हरि की पैड़ी किनारे मानस मंदिर के निकट जीर्ण शीर्ण भवन के स्थान पर गंगा माता का भव्य स्मारक बनाने, बदरिया में डा. बीआर अंबेडकर पार्क का जीर्णोद्धार व सौंदर्यीकरण, शहीद देशभक्तों के नाम पर भव्य स्मारक एवं स्तूप बनाने के प्रस्ताव पर बोर्ड ने मुहर लगाई। 15वें वित्त आयोग से प्राप्त 6930145 रुपये की धनराशि से जलापूर्ति, सीवरेज, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, सड़कों, फुटपाथों, स्ट्रीट लाइट तथा कब्रिस्तान व श्मसान के रखरखाव पर व्यय किए जाने के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गई।
वहीं वित्तीय वर्ष 2021-2022 में पंचम वेतन आयोग, पालिका निधि के अंतर्गत प्राप्त होने वाली धनराशि से कर्मचारियों के वेतन, पेंशन, एरियर के भुगतान के पश्चात अवशेष राशि से नगर में विकास कार्य कराए जाने को मंजूरी प्रदान की गई। नगर पालिका की शिकायतों, अपीलों आदि प्रकरणों में पैरवी हेतु गौरव कुमार अधिवक्ता सुप्रीम कोर्ट को अधिकृत किए जाने का प्रस्ताव को सहमति दी।
नगर में स्वकर प्रणाली नगर निकाय व वाहन स्टैंड पार्किंग फीस में वृद्धि के प्रस्ताव अगली बैठक में विचार के लिए टाल दिए गए/। बैठक में अधिशाषी अधिकारी संतराम सरोज, जेई सतेंद्र सिंह, जयप्रकाश दुबे, कमाल हसन, सभासद बृजरानी महेरे, डॉ. रविकांत गुप्ता, डॉ. मलखान, मीरा देवी, धर्मेंद्र, अमित, निखिल, मुकेश, नंदकिशोर, कृष्णमोहन, शरद तिवारी, विमलेश, सत्यवीर, अर्जुन, सुनीता, रीना, इकरार, कर निरीक्षक अजहर हुसैन, सफाई निरीक्षक मुसाहिद हसन आदि मौजूद रहे।
वार्डों में विकास कार्य न होने पर जताया रोष
पालिका बोर्ड की बैठक में वार्ड 22 के सभासद अमित मिश्रा, वार्ड 24 के सभासद कृष्ण मोहन, वार्ड 21 के सभासद शरद तिवारी, वार्ड 7 की सभासद मीरा देवी ने अपने वार्डों में विकास कार्य न कराये जाने पर रोष जताया।
Source : अमर उजाला