कासगंज। पटियाली के नगला बख्सी में जमीनी विवाद में की गई पिता की हत्या का खुलासा करने के लिए तीन टीमें बनाई गई हैं, लेकिन अभी तक किसी भी टीम को आरोपी पुत्र और नाती का सुराग नहीं मिला है। पुलिस दोनों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिशें दे रही है।
नगला बख्सी निवासी लेखराज (70) का उसके बड़े बेटे अवधेश पर अपने पुत्र रामबरन के साथ गला दबाकर हत्या करने का आरोप है। वारदात के बाद से आरोपी पुत्र और नाती फरार हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसओजी के अलावा पटियाली सर्किल एवं पटियाली कोतवाली की टीमों को लगाया गया है।
तलाश के लिए सर्विलांस की भी मदद ली जा रही है। पुलिस की टीमों ने दोनों आरोपियों की तलाश के लिए कई संभावित स्थानों पर रात को दबिशें दीं, लेकिन पुलिस को अभी तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा। जिससे आरोपियों तक पहुंचा जा सके।
सीओ डीके पंत ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए तीन टीमों को लगाया गया है। एक टीम का नेतृत्व वे स्वयं कर रहे हैं। दोनों की गिरफ्तारी के किए कई संभावित ठिकानों पर दबिशें दी गई हैं, लेकिन अभी तक गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। जल्द ही दोनों को पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेजेगी।
Source : अमर उजाला
